पृथ्वी पर जीवन के लिए उपयुक्त परिस्थितियाँ हैं और इसलिए यह हमारा घर है और हम अपने अस्तित्व के लिए पूरी तरह से इस पर निर्भर हैं। पृथ्वी के चारों ओर के वायुमंडल में वह हवा है जिसमें हम सांस लेते हैं, यह सौर और ब्रह्मांडीय विकिरणों को भी नियंत्रित करती है, तथा ग्रह के ताप संतुलन और जैव-भू-रासायनिक चक्रों को बनाए रखने में भूमिका निभाती है। वायुमंडल में कई भौतिक-रासायनिक घटनाएं घटती हैं जैसे, बादलों का बनना, ओजोन गैस अणु का बनना और टूटना और पराबैंगनी विकिरणों का नियंत्रण, वायुमंडलीय परिसंचरण (वायुमंडलीय हवाएं), दबाव, विद्युत आवेश का उत्पादन, परिवहन एवं मुक्त होना, विभिन्न ऊंचाइयों में तापमान भिन्नता, जल वाष्प का संघनन, विभिन्न प्रकार के वर्षण, हवा में निलंबित महीन ठोस अथवा द्रव, और गैस-गैस, गैस-कण अंतःक्रिया आदि। अधिकांश वायुमंडलीय घटनाएं पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण बल, घूर्णन और रैखिक गतियों से प्रभावित होती हैं।
पृथ्वी के वायुमंडल में घटित होने वाली कुछ महत्वपूर्ण घटनाएँ जिन्हें हमें समझने की आवश्यकता है, उनका अध्ययन करने के तरीकों और साधनों पर इस विषय के अंतर्गत चर्चा की गई है।