तितलियाँ सर्वाधिक सक्रिय कीटों में से एक हैं जो स्थिर नहीं रहती हैं और इधर-उधर घूमती रहती हैं। इसलिए किसी व्यक्ति के लिए तितलियों को एक स्थान पर कुछ क्षणों से अधिक समय तक देखना कठिन हो जाता है। उनके व्यवहार पर नजर रखने के लिए व्यक्ति को लगातार उनका पीछा करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। तितली जाल तितलियों को पकड़ने और उन्हें कोई नुकसान पहुंचाए बिना आवश्यक समय तक उनका निरीक्षण करने के लिए एक उपयोगी उपकरण है। तितली जाल में एक धातु या लकड़ी का हत्था होता है जिसमें हटाने योग्य या स्थिर, मजबूत धातु का एक वलय या तार का घेरा लगा होता है। धातु या तार के वलय के साथ एक लम्बा जाल का थैला (आमतौर पर नायलॉन से बना) इस तरह से जुड़ा होता है कि इसका चौड़ा मुंह वलय से जुड़ा होता है और लम्बा हिस्सा एक दूरस्थ संकीर्ण बंद सिरे पर समाप्त होता है। तितली को पकड़ने के लिए जाल को हवा में इस तरह घुमाया जाता है कि उड़ती हुई तितली उसके शरीर को कोई नुकसान पहुंचाए बिना जालीदार थैले में फंस जाती है।
तितली जाल की मदद से पर्यवेक्षक तितलियों को आसानी से पकड़ सकता है और उन्हें कुछ समय के लिए थलजीवशाला (टेरेरियम) में रख सकता है जहां उनकी हवा, पानी, भोजन और सुरक्षा जैसी बुनियादी आवश्यकताएं पूरी होती हैं। उनके लगातार अवलोकन और परीक्षण के बाद तितलियों को उस क्षेत्र में छोड़ दिया जाता है जहां से उन्हें एकत्र किया गया था।