पूटर (कीट एकत्रक) छोटे कीटों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने का एक सरल उपकरण है। यह व्यक्ति को छोटे कीड़ों को पकड़ने में सक्षम बनाता है, जिन्हें बाद में थलजीवशाला (टेरेरियम) में रखा जा सकता है और उनकी आकृति विज्ञान, शरीर के अंगों और व्यवहार का अवलोकन किया जा सकता है। पूटर में एक बंद पात्र से जुड़ी दो (पारदर्शी) नलिकाएं होती हैं। एक नलिका (जो दूसरी नलिका से अपेक्षाकृत थोड़ी अधिक चौड़ी होती है) के मुक्त सिरे पर एक कीप लगी होती है जिसके माध्यम से कीट को फंसाया जा सकता है और पात्र में खींचा जा सकता है। खिंचाव एक अन्य नलिका के मुक्त सिरे के माध्यम से बनाया जाता है। इस नलिका के बंद पात्र से जुड़े हुए सिरे पर एक जाली लगा दी जाती है, ताकि खिंचाव के समय कीट उस पात्र में से इस नलिका मे नहीं आने पाए और पात्र में ही रहे। सामान्यतः बंद पात्र और नलिकाओं को पारदर्शी रखा जाता है ताकि कीप और नलिका से होते हुए बंद पात्र की ओर कीट का गमन देखा जा सके और उसे शारीरिक क्षति की किसी भी संभावना को कम किया जा सके। पूटर की सहायता से कीट को धीरे-धीरे बंद पात्र की और खींचा जाता है। बंद पात्र में आने के बाद कीट के लिए पात्र से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचता है। कुछ कीटों को पात्र में खींचे जाने के बाद, उन्हें अवलोकन के लिए थलजीवशाला (टेरेरियम) में स्थानांतरित किया जा सकता है। अवलोकन के बाद उन्हें आसानी से वापस खुले वातावरण में छोड़ा जा सकता है।