पूटर (कीट एकत्रक) छोटे कीटों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने का एक सरल उपकरण है। यह व्यक्ति को छोटे कीटों को पकड़ने में सक्षम बनाता है, जिन्हें बाद में थलजीवशाला (टेरेरियम) में रखा जा सकता है और उनकी आकृति विज्ञान, शरीर के अंगों और व्यवहार का अवलोकन किया जा सकता है। पूटर की मदद से कीट को धीरे-धीरे इसके बंद पात्र में खींचा जाता है। कीट के लिए पात्र से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचता है। कुछ कीटों को पात्र में खींचे जाने के बाद उन्हें अवलोकन के लिए थलजीवशाला (टेरेरियम) में स्थानांतरित किया जा सकता है। अवलोकन के बाद उन्हें आसानी से वापस खुले वातावरण में छोड़ा जा सकता है।

एक पूटर (कीट एकत्रक)
पूटर के संयोजन में एक बंद पात्र से जुड़ी दो पारदर्शी नलिकाएं होती हैं। एक नलिका थोड़ी चौड़ी होती है, उसके मुक्त सिरे पर एक छोटी कीप लगी होती है जिसके माध्यम से कीट को पात्र में खींचा जा सकता है। खिंचाव एक अन्य नलिका के मुक्त सिरे के माध्यम से बनाया जाता है। इस नलिका के, पात्र से जुड़े हुए सिरे पर एक जाली लगा दी जाती है, ताकि खिंचाव के समय कीट इस नलिका मे नहीं आने पाए और पात्र में ही रहे। अधिकतर पात्र और नलिकाओं को पारदर्शी रखा जाता है ताकि कीट और नलिकाओं के माध्यम से पात्र की ओर कीट का गमन देखा जा सके और उसे शारीरिक क्षति की किसी भी संभावना को कम किया जा सके।
आप अपना स्वयं का पूटर उपकरण बना सकते हैं.
1. जिस छोटे कीट को आप इकट्ठा करना चाहते हैं उसका पता लगाएं और जल्दी से उस पर पूटर का कीप इस तरह लगाएं कि वह कीप में फंस जाए।
2. पूटरके पात्र से जुड़ी एक अन्य नलिका के माध्यम से, हवा को खींचें ताकि पात्र में और उसके माध्यम से कीप से जुड़ी नलिका में हवा का खिंचाव बन जाए, ताकि कीप में फंसा कीट बंद पात्र में खींचा जा सके।
3. आगे के अवलोकन के लिए कीट को पूटर के पात्र से थलजीवशाला (टेरेरियम) में स्थानांतरित करें, जहां इसे भोजन, पानी और सुरक्षा के प्रावधानों के साथ रखा जाता है।
4. थलजीवशाला (टेरेरियम) में कीट को परेशान किए बिना उसका निरीक्षण करें और अपने अवलोकनों को आंकड़ा प्रपत्र में दर्ज करें।
5. आप आगे के उद्देश्य के लिए कीट का रेखाचित्र बना सकते हैं और उसकी तस्वीरें भी ले सकते हैं।
6. अध्ययन के बाद फंसे हुए कीट को वापस उसके आवास में छोड़ दिया जाता है।
7. आप अवलोकन और अध्ययन के उद्देश्य से एक कीट प्रजाति या विभिन्न प्रजातियों के कई कीटों की अधिक संख्या एकत्र कर सकते हैं।
● आप कीटों की एक विस्तृत श्रृंखला को पकड़ सकते हैं और उनका अध्ययन कर सकते हैं और व्यवस्थित तरीके से उनकी आकृति विज्ञान, व्यवहार प्रारूप और अन्य लक्षणों का अभिलेख तैयार कर सकते हैं।
● एकत्रित जानकारी के तुलनात्मक विश्लेषण का उपयोग संख्यात्मक अनुमान और चार्ट और पोस्टर जैसे उदाहरणात्मक अभिलेख बनाने के लिए किया जा सकता है।
● अपने अवलोकनों को आंकड़ा प्रपत्र में व्यवस्थित रूप से दर्ज करें। आंकड़ा तालिका का एक उदाहरण यहां दिया गया है, आप आवश्यकता के अनुसार अपनी स्वयं की आंकड़ा तालिका तैयार कर सकते हैं।

● आप अपने अवलोकनों को मात्रात्मक और/या गुणात्मक आंकड़ों के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।
● हाथ से बनाए गए रेखाचित्र और तस्वीरें, प्रदर्शित करने के लिए एक अतिरिक्त संग्रह होंगे।
● अध्ययन के लिए छोटे कीटों को पकड़ने के लिए पूटर एक प्रभावी और सुरक्षित उपकरण है।
● छोटे कीटों की शारीरिक संरचना और व्यवहार का अध्ययन पूटर के माध्यम से और फिर थलजीवशाला (टेरेरियम) में किया जा सकता है।
● कीट एक दूसरे से कैसे संवाद करते हैं? क्या उनकी किसी भी प्रकार की कोई भाषा है?
● टिड्डे खडखडाहट (घर्षण) की ध्वनि कैसे उत्पन्न करते हैं?
● कीड़े किसी वस्तु के आकार और दूरी की कल्पना कैसे करते हैं?