उप-विषयों

    वृक्ष मुकुट और छत्र आवरण


  • पेड़ का मुकुट पेड़ का शीर्ष भाग है, जिसमें मुख्य तने से निकलने वाली शाखाएँ होती हैं। इस प्रकार एक पेड़ के मुकुट में उसकी सभी शाखाएँ, पत्तियाँ, फूल और फल शामिल होते हैं। सभी पेड़ों का अपना अपना एक मुकुट होता है, तथा किसी क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के पेड़ों के मुकुट सुशोभित होते हैं। पेड़ के प्रकार के आधार पर मुकुट कई प्रकार के हो सकते हैं, जैसे पिरामिडनुमा मुकुट, पूर्ण मुकुट, फूलदान मुकुट, फव्वारा मुकुट, फैला हुआ मुकुट, स्तरित मुकुट, स्तंभाकार मुकुट, अधोन्मुखी मुकुट आदि। 

    भूमि की सतह का वह क्षेत्र जो पेड़ के मुकुट के नीचे उसके ऊर्ध्वाधर प्रक्षेपण द्वारा होता है, उसे छत्र आवरण कहा जाता है। दूसरे शब्दों में, किसी भूदृश्य में छत्र आवरण वृक्ष मुकुटों के ऊर्ध्वाधर प्रक्षेपण के द्वारा ढंकी गई जमीन की सतह का अनुपात है। किसी जंगल में छत्र आवरण को संदर्भित कुल क्षेत्रफल के संदर्भ में प्रतिशत या आनुपातिक क्षेत्र के रूप में व्यक्त किया जाता है।

    मुकुट तने पर पेड़ का शाखायुक्त हिस्सा है जबकि छत्र जंगल के भूतल के ऊपर छत जैसा आवरण है। मुकुट का तात्पर्य केवल पेड़ के शाखित भाग से है, जबकि छत्र में पेड़ों के विभिन्न ऊंचाइयों पर बने मुकुट आवरण और यहां तक ​​कि झाड़ियों और शाक द्वारा बनाए गए मुकुट आवरण भी शामिल हैं। मुकुट या मुकुट आवरण एक पेड़ को संदर्भित करता है जबकि छत्र या छत्र आवरण वृक्ष मुकुटों के संयोजन को संदर्भित करता है।

    किसी जंगल या भूदृश्य में छत्र वास्तुकला जंगल में पाए जाने वाले व्यक्तिगत वृक्ष मुकुटों की व्यवस्था से निर्धारित होती है, इस प्रकार विभिन्न भूदृश्यों में छत्र वास्तुकलाएं कई प्रकार की हो सकती है। पेड़ों की विभिन्न प्रजातियाँ या यहाँ तक कि एक ही प्रजाति के अलग-अलग पेड़ों की वृद्धि के अनुसार उनके अलग-अलग छत्र आवरण होते हैं। छत्र आवरण किसी क्षेत्र में स्थान घेरने के आधार पर किसी प्रजाति के प्रभुत्व को भी दर्शाता है।

    पेड़ों को भी अलग-अलग मुकुट वर्गों में वर्गीकृत किया जाता है जब वे अपने मुकुट फैलाने और जंगल के छत्र आवरण में प्रतिस्पर्धा करते हैं। उदाहरण के लिए, प्रभुत्व रखने वाले पेड़ अपना मुकुट छत्र के स्तर से ऊपर फैलाते हैं; उनके मुकुट को ऊपर से प्रकाश के साथ-साथ किनारों से भी कुछ प्रकाश मिलता है। सह्प्रभुत्व रखने वाले पेड़ अपने मुकुट को छत्र के स्तर तक बनाते हैं और उनके मुकुट को केवल ऊपर से प्रकाश मिलता है, किनारों से नहीं। मध्यवर्ती पेड़ अपने मुकुट को छत्र आवरण के नीचे फैलाते हैं और उनके मुकुट को केवल ऊपर से कुछ प्रकाश प्राप्त होता है। दबे हुए पेड़ों का मुकुट छत्र के स्तर से नीचे बना होता है और उन्हें कोई सीधा प्रकाश नहीं मिलता है।

    कीवर्ड