प्रयोग विवरण

विषय :- मिट्टी

हाथ में लेकर मिट्टी की बनावट का परीक्षण और निर्धारण करना


इस गतिविधि के बारे में


मिट्टी की बनावट से तात्पर्य उसमें विभिन्न अनुपातों में रेत (बालू), सिल्ट (गाद / तलछट) और क्ले (चिकनी मिट्टी) के मिश्रण से है। यह अनुपात मिट्टी की लगभग हर भौतिक-रासायनिक विशेषता और उसके उपयोग को प्रभावित करता है। मिट्टी की बनावट उसमें पानी की निकासी और अंतःस्राव, जल धारण क्षमता, वायु का प्रवाह और  गैसीय आदान-प्रदान, विभिन्न परतों में पोषक तत्वों की उपलब्धता, मिट्टी के जीवों के सूक्ष्म आवास और कई अन्य पहलुओं को प्रभावित करती है। मिट्टी की बनावट के प्रमुख वर्ग रेतीली (बलुई), दोमट, चिकनी (क्ले), दोमट रेत (सिल्ट), रेतीली दोमट, सिल्ट दोमट, बलुई चिकनी दोमट, सिल्ट चिकनी दोमट, चिकनी दोमट, बलुई चिकनी तथा सिल्ट चिकनी हैं।

हम क्षेत्र में मिट्टी की बनावट की आसानी से जांच कर सकते हैं और मुख्य रूप से नमूना लेने के स्थान पर ही नमूने की बनावट निर्धारित कर सकते हैं। मिट्टी की बनावट के सटीक निर्धारण के लिए हम बाद में मिट्टी का नमूना प्रयोगशाला में भी ला सकते हैं। किसी क्षेत्र में मिट्टी के विभिन्न नमूनों की  जांच करके संदर्भित भू-दृश्य की मिट्टी की बनावट का नक्शा तैयार किया जा सकता है। किसी क्षेत्र की मिट्टी की बनावट के ज्ञान से पौधों और कृषि किस्मों के अनुकूलन, फसल प्रारूप और पानी और पोषक तत्व की स्थिति को समझा जा सकता है।

क्षेत्र में मिट्टी की बनावट की जांच करने के कई सरल साधन हैं। उदाहरण के लिए, गीली मिट्टी को हाथ में लेकर दबाना, मिट्टी का गोला बनाकर किसी सख्त सतह पर फेंकना या गोले को कुचलना, गीली मिट्टी को उंगलियों के बीच दबाकर फीते के आकार में बनाना, मिट्टी को रगड़ना इत्यादि। यहां हम अपने हाथ का उपयोग करते हुए मिट्टी की बनावट की जांच करने के कुछ तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं।

 

आवश्यक सामग्री


  • मृदा की बनावट चार्ट, 
  • खुरपी या करणी 

 

तरीका


पहला चरण - मिट्टी की गेंद परीक्षण:

  1. एक मृदा प्रारूप के विभिन्न मृदा संस्तरों से मिट्टी का नमूने एकत्र करें। नमूनों को प्रारूप कोड और संस्तर कोड, गहराई, दिनांक और समय के साथ चिन्हित करें।
  2. इसमें से एक मुट्ठी मिट्टी ( लगभग 25-50 ग्राम) लें। मिट्टी को एक ट्रे पर फैलाएं और किसी भी प्रकार की कंकड़ और पौधों की सामग्री जैसे जड़ों आदि के टुकड़ों को हटा दें।
  3. मिट्टी के नमूने में मृदा कणों की बहुत सारी गांठें और गुच्छे (समुच्चय) हो सकते हैं इन्हें तोड़ना जरूरी है ताकि आप मिट्टी की बनावट की आसानी से जांच कर सकें।
  4. एक मुट्ठी मिट्टी लें और इसे थोड़ा-थोड़ा करके तब तक गीला करें जब तक कि यह गीली पुट्टी की तरह न हो जाए। अब इस मिट्टी से एक गेंद का आकार बनाने का प्रयास करें (चित्र देखें)।
  5. यदि गीली मिट्टी गेंद का आकार नहीं लेती है, तो इसका मतलब है कि यह मिट्टी रेतीली मिट्टी है।
  6. यदि मिट्टी के नमूने को गेंद के आकार का बनाया जा सकता है, तो अगले चरण के परीक्षण के लिए जाएँ ।

                             

चरण दो – फीता आकार परीक्षण:

  1. मिट्टी की गेंद लें और इसे धीरे से अपने अंगूठे और तर्जनी के बीच रखकर एक फीते के रूप में  दबाकर निकलने की कोशिश करें (सहायता के लिए चित्र देखें)
  2. यदि फीता बनने के बजाय मिट्टी टूट जाती है या बिखर जाती है, तो इसका मतलब है कि यह दोमट रेतीली मिट्टी या सिल्ट है।
  3. यदि मिट्टी एक फीता बनाती है, तो आप मिट्टी को तब तक बाहर धकेलते रहें ,जब तक कि फीता अपने वजन से टूट न जाए।
  4. यदि फीता 2.5 सेमी से कम लम्बाई के टुकड़ों में टूटता है तो यह 'कमजोर फीता' है, यदि यह 2.5 से 5.0 सेमी के टुकड़ों में टूटता है ,तो यह 'मध्यम फीता' है और यदि यह 5 सेमी से अधिक लंबे टुकड़ों में टूटता है, तो यह 'मजबूत फीता' है।
  5. इस अवस्था में मिट्टी का थोड़ा सा नमूना हथेली में लें और इसमें थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट जैसा मिश्रण बना लें।
  6. अपनी उंगली का उपयोग करके मिट्टी के पेस्ट को अपनी हथेली पर रगड़ें।
  7. मिट्टी के लेप को रगड़ कर पता लगाएँ कि कैसा महसूस होता है - किरकिरा, बहुत ज्यादा चिकना या चिपचिपा?
  8. संबंधित फीते की लंबाई और रगड़ परीक्षण के आधार पर मिट्टी की बनावट के प्रकार का अनुमान प्राप्त करें।
  9. 2.5 सेमी से कम लंबाई का फीता होने पर रगड़ परीक्षण से देखें 

    - क्या मिट्टी बहुत ज्यादा किरकिरी है ? यदि हाँ, तो वह रेतीली दोमट होगी। 

    - यदि मिट्टी बहुत चिकनी है तो वह सिल्टी दोमट होगी। 

    - यदि मिट्टी न तो किरकिरी और न ही बहुत चिकनी है तो वह दोमट मिट्टी होगी। 

    2.5 से 5 इंच के बीच फीते की लंबाई होने पर रगड़ परीक्षण से देखें 

    - क्या मिट्टी बहुत ज्यादा किरकिरी है? यदि हाँ तो वह रेतीली चिकनी दोमट मिट्टी होगी। 

    - यदि मिट्टी बहुत चिकनी है तो वह सिल्टी चिकनी दोमट होगी। 

    - यदि मिट्टी न तो किरकिरी और न ही बहुत चिकनी है तो चिकनी दोमट होगी।

    5 इंच से अधिक लंबाई के फीते को रगड़ परीक्षण से देखें 

    क्या मिट्टी बहुत ज्यादा किरकिरी है? यदि हाँ तो वह रेतीली चिकनी मिट्टी होगी। 

    यदि मिट्टी बहुत चिकनी है तो वह सिल्टी चिकनी मिट्टी होगी। 

    यदि मिट्टी न तो किरकिरी और न ही बहुत चिकनी है तो वह चिकनी मिट्टी होगी।   

 

डेटा संग्रह और विश्लेषण


मिट्टी की बनावट परीक्षणों के परिणामों को तैयार की गई तालिका या आंकड़ों के प्रारूप में दर्ज करें। उदाहरण के लिए एक नमूना आंकड़ा तालिका दी गई है - 

परिणाम


अपने परिणामों को मात्रात्मक और/ या गुणात्मक विशेषताओं के आधार पर संख्यात्मक आंकड़ों के रूप में प्रस्तुत करें। गणितीय और/या सांख्यिकीय गणनाओं के माध्यम से विभिन्न व्याख्याएँ की जा सकती हैं। 

नमूना स्थल के आसपास के परिदृश्य के छायाचित्र आगे संदर्भ के रूप में उपयोगी होंगे।

 

सीखे गए मुख्य बिंदु


• मिट्टी की बनावट के विभिन्न वर्ग 

• बनावट के आधार पर मिट्टी का वर्गीकरण / श्रेणीकरण 

 

 

खुले प्रश्नन्लेषण


• मिट्टी की बनावट के विभिन्न वर्गों के संबंध में विभिन्न पौधों की प्रजातियों के बीज अंकुरण का निरीक्षण करें ।

• मिट्टी की बनावट और पानी की गति (जल निकासी, अन्तःस्त्राव, जलधारण क्षमता) के बीच संबंध को समझने के लिए निरीक्षण करें और प्रयोग करें।

• मौजूदा मिट्टी की बनावट के प्रकार के संदर्भ में अपने क्षेत्र में मिट्टी के कटाव की स्थितियों का निरीक्षण करें और इसके लिए उपचारात्मक उपाय खोजने का प्रयास करें।

•  मिट्टी बनावट के विभिन्न प्रकारों और क्षेत्र में उगने वाले संबंधित पौधों की प्रजातियों के बीच अंतर्सबंध जानने का प्रयास करें।